
नागपुर : पाचपावली थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। दो गुटों के बीच हुए विवाद को शांत कराने पहुंचे पुलिस बीट मार्शल की मौजूदगी में ही एक युवक को पुलिस हिरासत से जबरन छुड़ाकर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी गई। आरोपियों ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए बीट मार्शल के साथ धक्का-मुक्की की और उन्हें धमकियां भी दीं। मामले में पाचपावली पुलिस ने नौ आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, नितिन सुभाष राऊत पाचपावली पुलिस थाने में बीट मार्शल के रूप में कार्यरत हैं। 20 जून की रात करीब 10:15 बजे वे आसीनगर चौक स्थित ताज होटल परिसर में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें दो गुटों के बीच मारपीट होती दिखाई दी। हालात को नियंत्रित करने के लिए उन्होंने तत्काल हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू की।
पूछताछ के दौरान तौसिफ उर्फ बबलू मोहित खान, फरहान उर्फ बंटी खान और उनके साथियों ने बताया कि उनका राहुल उर्फ गोलू प्रदीप गोंडाणे के साथ 19 जून को हुए पुराने विवाद को लेकर झगड़ा चल रहा था। बीट मार्शल ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर विवाद न बढ़ाने और थाने में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। इसके बाद राहुल गोंडाणे को पूछताछ के लिए पुलिस थाने ले जाया जा रहा था।
इसी दौरान आरोपियों ने अचानक आक्रामक रुख अपनाया। आरोप है कि उन्होंने बीट मार्शल नितिन राऊत के साथ धक्का-मुक्की कर राहुल गोंडाणे को पुलिस की हिरासत से जबरन छुड़ा लिया और लकड़ी के डंडों से उसकी पिटाई शुरू कर दी। सरेआम हुई इस मारपीट से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जब बीट मार्शल ने राहुल को बचाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। स्थिति बिगड़ती देख उन्होंने तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पाचपावली थाने का अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात पर काबू पाया। घायल राहुल गोंडाणे समेत अन्य घायलों को उपचार के लिए मेयो अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने इस मामले में मुजाहिद खान उर्फ पिंटू, आराग खान तौसिफ खान, फारुख शेख, फरहान फिरोज खान, आफताब खान मुजीद खान, राहुल गोंडाणे, अब्दुल अनीस उर्फ अब्दुल शफीक सहित नौ आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।
कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल
पुलिसकर्मी की मौजूदगी में युवक को हिरासत से छुड़ाकर हमला किए जाने की घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय पर अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर नहीं पहुंचता, तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
LIVE | NEWS BULLETIN NAGPUR TODAY
LIVE | NEWS BULLETIN NAGPUR TODAY
तालाब या प्लॉटिंग?उमरेड के गोपाला तालाब पर बड़ा सवाल
साइबर फ्रॉड रैकेट का बड़ा खुलासा #cybercrime #fraud #crime #amravati #news #maharashtranews
ज्वेलरी दुकान से 2 लाख के सोने के आभूषण चोरी, महिला गिरफ्तार...
कामठी में पागल कुत्ते का आतंक #nagpurnews #kamthi #dogbiting #newsupdate








