
नागपुर: यशोधरानगर पुलिस ने चोरी और घरफोड़ियों की वारदातों में शामिल एक कुख्यात आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 20 वर्षीय पियुष उर्फ गधा दीपक निमजे को हिरासत में लिया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने 3 घरफोड़ियों और 5 वाहन चोरी समेत कुल 8 वारदातों में शामिल होने की कबूली दी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 3.47 लाख रुपये का चोरी का माल बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, यशोधरानगर पुलिस का जांच दल 3 सितंबर को इलाके में पेट्रोलिंग कर रहा था। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि पियुष निमजे कई घरफोड़ियों और वाहन चोरी की वारदातों में शामिल है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने पंचवटी नगर मैदान के पास जाल बिछाकर आरोपी को हिरासत में लिया। शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता रहा, लेकिन गहन पूछताछ में उसने कई वारदातों का खुलासा कर दिया।
पूछताछ में आरोपी ने कुंदनलाल गुप्ता नगर और कांजी हाउस क्षेत्र में घरफोड़ियां करने की बात कबूल की। इसके अलावा धम्मदीप नगर में शीतलामाता मंदिर के पास स्थित एक पानठेले में चोरी करने की जानकारी भी दी। इन घटनाओं से संबंधित CCTV फुटेज भी पुलिस के हाथ लगे हैं।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने धम्मदीप नगर से हीरो एक्सट्रीम, कुंदनलाल गुप्ता नगर से पल्सर, हुडकेश्वर के नवीन नेहरूनगर से स्प्लेंडर, पारडी से होंडा एक्टिवा और शांतिनगर से रॉयल एनफील्ड बुलेट चोरी की थी।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने इटाभट्टी चौक स्थित ईंट भट्ठे के पीछे छिपाकर रखा चोरी का माल बरामद किया। इसमें पांच दोपहिया वाहन समेत अन्य सामान शामिल है। बरामद माल की कुल कीमत करीब 3.47 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, पियुष आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से करीब 20 मामले दर्ज हैं। इन वारदातों में उसके दो अन्य साथी भी शामिल बताए जा रहे हैं, जो फिलहाल फरार हैं।
यशोधरानगर पुलिस ने फरार दोनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही, पुलिस को आशंका है कि पियुष से पूछताछ के दौरान चोरी और घरफोड़ियों की कुछ अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।




