
नागपुर: प्रतिबंधित नायलॉन मांजे की बिक्री और परिवहन के खिलाफ नागपुर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। यशोधरा नगर थाना क्षेत्र के एकता नगर परिसर में सामाजिक सुरक्षा पथक और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 180 नग प्रतिबंधित मोनो काइट नायलॉन मांजा जब्त किया। पुलिस ने मामले में 27 वर्षीय मो. शाहिद अंसारी को गिरफ्तार किया है, जबकि फैजान अंसारी नामक आरोपी फरार बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, टीम को एकता नगर परिसर में प्रतिबंधित नायलॉन मांजे की अवैध बिक्री और परिवहन की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने पंचों और स्टाफ की मौजूदगी में कार्रवाई की और मो. शाहिद अंसारी को हिरासत में लिया।
5.40 लाख का नायलॉन मांजा जब्त
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 180 नग मोनो काइट नायलॉन मांजा बरामद हुआ। इसकी अनुमानित कीमत करीब 5.40 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक मांजा बिक्री के उद्देश्य से अवैध रूप से रखा और ले जाया जा रहा था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मांजे के अलावा 1.20 लाख रुपये का ई-रिक्शा, 75 हजार रुपये की मोपेड और एक रियलमी मोबाइल फोन भी जब्त किया। इस तरह जब्त किए गए माल की कुल कीमत करीब 7.45 लाख रुपये बताई गई है।
फैजान अंसारी की तलाश जारी
मामले में फैजान अंसारी को वांछित आरोपी बताया गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। इस संबंध में यशोधरा नगर थाने में पर्यावरण संरक्षण अधिनियम सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस द्वारा मामले की आगे की जांच की जा रही है। प्रतिबंधित नायलॉन मांजे के अवैध कारोबार के खिलाफ हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने ऐसे मामलों में आगे भी कार्रवाई जारी रखने के संकेत दिए हैं।




