Published On : Tue, Jun 9th, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

बीट मार्शलों की सतर्कता से चोरी की बड़ी वारदात नाकाम, घर में घुसे शातिर चोर को रंगेहाथ दबोचा

एक लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के जेवर और नकदी बरामद ### आरोपी निकला आदतन अपराधी, कई थानों में दर्ज हैं मामले
Advertisement

नागपुर: वाठोडा पुलिस थाना क्षेत्र में बीट मार्शलों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते एक बड़ी चोरी की वारदात होने से पहले ही नाकाम हो गई। रात में गश्त के दौरान संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ दिखाते हुए घर में घुसे एक शातिर चोर को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से करीब 1 लाख 6 हजार 500 रुपये मूल्य का चोरी का माल और नकदी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात बीट मार्शल पुलिस शिपाई संजू ठाकरे और पुलिस शिपाई शशिकांत पटोले नियमित गश्त पर थे। इसी दौरान माँ चंडिका नगर स्थित आनंदसागर लॉन के पास एक बंद मकान में उन्हें संदिग्ध हलचल दिखाई दी। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने तुरंत रात्रि ड्यूटी अधिकारी पीएसआई पवार को सूचना दी।

Gold Rate
Sept 29,2026 - Time 10.30Hrs
Gold 24 KT ₹ 1 47,300 /-
Gold 22 KT ₹ 1,36,5700 /-
Silver/Kg ₹ 2,22,300/-
Platinum ₹ 88,000/-
Recommended rate for Nagpur sarafa Making charges minimum 13% and above

पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो मकान का मुख्य गेट बाहर से बंद था, लेकिन घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला और दरवाजा अंदर से बंद था। इससे घर के भीतर किसी संदिग्ध व्यक्ति के छिपे होने की आशंका जताई गई।

इसके बाद पुलिस ने घर के अंदर खड़ी दोपहिया वाहन के नंबर के आधार पर नाकाबंदी ऐप की मदद से मकान मालिक का मोबाइल नंबर प्राप्त किया। संपर्क करने पर पता चला कि मकान मालिक शहर से बाहर गए हुए हैं। इसके बाद पुलिस ने स्थानीय नागरिकों और अन्य पुलिसकर्मियों की सहायता से पूरे मकान को चारों ओर से घेर लिया।

Advertisement

कुछ देर की मशक्कत के बाद घर के अंदर मौजूद चोर को पकड़ लिया गया और उसे वाठोडा पुलिस थाने लाया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुशांत अशोक थूल (30), निवासी शिवाजी नगर, वार्ड नंबर-2, रालेगांव, जिला यवतमाल के रूप में हुई है।

जेवर और नकदी बरामद

आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद हुई। जब्त सामग्री में लगभग 40 ग्राम वजन की दो चांदी की पायल, 10 ग्राम का चांदी का ब्रेसलेट, करीब 20 ग्राम वजन का सोने का नेकलेस तथा 1,500 रुपये नकद शामिल हैं। बरामद माल की कुल कीमत लगभग 1,06,500 रुपये आंकी गई है।

कई मामलों में वांछित है आरोपी

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सुशांत थूल पहले से ही संपत्ति संबंधी अपराधों में लिप्त रहा है। उसके खिलाफ जरीपटका, पाचपावली, सीताबर्डी और अजनी पुलिस थानों में चोरी, घरफोड़, डकैती की तैयारी, अवैध हथियार रखने तथा अन्य गंभीर अपराधों के कई मामले दर्ज हैं।

बीट मार्शलों की सतर्कता की सराहना

वाठोडा पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रमोद पोरे ने बताया कि बीट मार्शलों की सजगता और त्वरित कार्रवाई के कारण चोरी की बड़ी वारदात को समय रहते विफल किया जा सका। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यदि बीट मार्शलों ने समय पर संदिग्ध गतिविधि पर ध्यान नहीं दिया होता, तो आरोपी लाखों रुपये के कीमती सामान के साथ फरार हो सकता था। बीट मार्शलों की इस कार्रवाई की स्थानीय नागरिकों ने भी सराहना की है।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges

Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.