
वर्धा: वर्धा जिले के अल्लीपुर गांव स्थित प्रसिद्ध और जागृत मां भवानी मंदिर में चोरी की घटना सामने आई है। पोला की रात मंदिर में घुसे अज्ञात चोर ने स्टील की दानपेटी तोड़कर उसमें रखी करीब 30 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। पूरी वारदात मंदिर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
दानपेटी तोड़कर नकदी पर किया हाथ साफ
जानकारी के अनुसार, यह घटना अल्लीपुर के भवानी वार्ड स्थित प्राचीन मां भवानी मंदिर में हुई। पोला की रात करीब 11 बजे एक अज्ञात व्यक्ति मंदिर परिसर में दाखिल हुआ। इसके बाद उसने मंदिर में रखी स्टील की दानपेटी को तोड़ा और उसमें मौजूद लगभग 30 हजार रुपये लेकर फरार हो गया।
मंदिर को जागृत देवस्थान के रूप में जाना जाता है और यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मंदिर का भव्य निर्माण मंदिर समिति की ओर से किया गया है।
सुबह सामने आई चोरी की घटना
सुबह मंदिर में चोरी की जानकारी सामने आने के बाद परिसर में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही मंदिर समिति के अध्यक्ष बजरंग खोंड सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौके पर पहुंचे।
इसके बाद मंदिर समिति की ओर से अल्लीपुर पुलिस थाने में अज्ञात चोर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई।
CCTV फुटेज के आधार पर जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद अल्लीपुर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। थानेदार संगीता हेलोंडे के मार्गदर्शन में पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है। फुटेज में आरोपी की गतिविधियां कैद होने के कारण पुलिस को उसकी पहचान और तलाश में मदद मिलने की उम्मीद है।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।
वर्धा से सतीश काळे की रिपोर्ट




