Published On : Wed, Jul 8th, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

वाराणसी-नागपुर ट्रेन में महिलाओं से छेड़छाड़ का आरोप, रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

Advertisement

नागपुर: वाराणसी से नागपुर लौट रही कुछ महिलाओं ने ट्रेन यात्रा के दौरान छेड़छाड़, अभद्रता और सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित परिवारों का कहना है कि रिजर्वेशन होने के बावजूद कोच में क्षमता से कई गुना अधिक भीड़ थी और शिकायत के बाद भी रेलवे व रेलवे सुरक्षा बल की ओर से समय पर मदद नहीं मिली।

जानकारी के अनुसार, नागपुर के कुछ परिवार 27 जून को बिहार और उत्तर प्रदेश के धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों की यात्रा पर गए थे। 3 जुलाई की रात वे वाराणसी से दानापुर–सिकंदराबाद एक्सप्रेस के आरक्षित कोच में नागपुर लौट रहे थे। आरोप है कि 72 यात्रियों की क्षमता वाले कोच में 400 से अधिक लोग सवार थे, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

पीड़ित महिलाओं के अनुसार, कोच में अत्यधिक भीड़ होने के कारण उन्हें अपनी सीट तक पहुंचने में कठिनाई हुई। इसी दौरान कुछ लोगों ने कथित तौर पर छेड़छाड़, अभद्र टिप्पणियां और धक्का-मुक्की की। उनका यह भी आरोप है कि रात में कोच की लाइट बंद होने के बाद महिलाओं के साथ और भी आपत्तिजनक हरकतें की गईं।

परिवारों का कहना है कि उन्होंने तत्काल रेलवे हेल्पलाइन 139 और रेलवे के आधिकारिक X (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया गया, लेकिन मौके पर तत्काल कोई सहायता नहीं पहुंची।

Advertisement

स्थिति गंभीर होने पर नैनी रेलवे स्टेशन पर पीड़ित परिवारों ने ट्रेन रोकने के लिए इंजन के सामने खड़े होकर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पीड़ितों का आरोप है कि भीड़ में मौजूद आरोपियों की पहचान करने की जिम्मेदारी भी उन्हीं पर छोड़ दी गई।

पीड़ितों ने यह भी दावा किया कि पूरी यात्रा के दौरान संबंधित कोच में कोई टिकट परीक्षक (टीटीई) नहीं पहुंचा। उनका कहना है कि उन्हें लगभग 20 घंटे तक असुरक्षित माहौल में यात्रा करनी पड़ी।

नागपुर पहुंचने के बाद पीड़ित परिवारों ने जीआरपी में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उनका आरोप है कि उन्हें यह कहकर उत्तर प्रदेश में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई कि घटना वहीं हुई थी।

पीड़ित परिवारों ने रेलवे प्रशासन और रेलवे पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल इस मामले में लगाए गए आरोपों पर रेलवे प्रशासन और रेलवे पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले की जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.