
नागपुर: पांचपावली थाना क्षेत्र के वैशाली नगर स्थित दयानंद पार्क ग्राउंड में देर रात तीन कारों के कांच फोड़ने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने मौके से भाग रहे एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि उसके दो साथी फरार हो गए।
घटना रात करीब 9 से 9:30 बजे के बीच की बताई जा रही है। रानी अपार्टमेंट, वैशाली नगर निवासी चिराग नानवाने ने अपनी कार दयानंद पार्क के ग्राउंड में खड़ी की थी। इसी दौरान अज्ञात युवकों ने उनकी कार समेत वहां खड़े तीन वाहनों के कांच फोड़ दिए।
कांच टूटने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने भाग रहे एक युवक को पकड़ लिया। उसकी पहचान 29 वर्षीय अभिजीत निकोसे के रूप में हुई है। उसके दो साथी मौके से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, तीनों युवक पहले ग्राउंड में बैठकर कथित तौर पर गांजा पी रहे थे। इसके बाद कारों के कांच फोड़ने को लेकर शर्त लगाई गई और तीन वाहनों में तोड़फोड़ की गई।
घटना के बाद परिसरवासियों में नाराजगी है। नागरिकों का कहना है कि दयानंद पार्क में रात के समय असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। उन्होंने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने और ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पांचपावली पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार दोनों आरोपियों की तलाश जारी है।




