
नागपुर – रेत से ओवरलोड वाहन चलाए जाने की शिकायत पुलिस से करने की बात व्हाट्सऐप ग्रुप में लिखना एक रेत व्यवसायी को भारी पड़ गया। मैसेज से नाराज चार रेत व्यवसायियों ने उसे मिलने के लिए बुलाया और वहां जमकर मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके दोस्त को भी आरोपियों ने पीट दिया। हुड़केश्वर पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों में बड़ा ताजबाग निवासी अमोल भोदे (38), म्हालगीनगर निवासी सागर बरडे (35), पवन महाजन (30) और निखिल ढबाले (32) का समावेश है। घटना में अयोध्यानगर निवासी अक्षय गजानन भोयर (37) और उसका दोस्त सुमित घायल हुए हैं।
अक्षय, अमोल, सागर और पवन रेत व्यवसाय से जुड़े हैं। रेत व्यवसायियों के आपसी समन्वय के लिए एक व्हाट्सऐप ग्रुप बनाया गया है। रविवार रात करीब 8.30 बजे अक्षय अपने दोस्त के साथ टेलीफोन एक्सचेंज चौक पर भोजन कर रहा था। इसी दौरान ग्रुप में रेत की गाड़ियों को लेकर चर्चा चल रही थी।
अक्षय ने ग्रुप में मैसेज करते हुए आरोप लगाया कि निर्धारित 9 ब्रास की बजाय कुछ व्यापारी 11 से 12 ब्रास रेत लोड कर रहे हैं। उसने यह भी लिखा कि यदि इसी तरह ओवरलोडिंग जारी रही तो वह पुलिस से शिकायत कर वाहन पकड़वा देगा।
इस मैसेज से अमोल भड़क गया और उसने ग्रुप में ही अक्षय के साथ गालीगलौज शुरू कर दी। इसके बाद अक्षय को उमरेड रोड स्थित विहिरगांव बाइपास पर मिलने के लिए बुलाया गया।
रात करीब 10.30 बजे अक्षय अपने दोस्त सुमित के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद अमोल, सागर, पवन और निखिल ने अक्षय के साथ गालीगलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान पवन ने सड़क से पत्थर उठाकर अक्षय के सिर पर हमला कर दिया। अक्षय को बचाने के लिए सुमित बीच में आया तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की।
घटना की शिकायत मिलने के बाद हुड़केश्वर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




