
नागपुर टुडे वासुदेव नगर मेट्रो स्टेशन के समीप सड़क हादसे के बाद मुआवजे को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि तीन लोगों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से ही धक्का-मुक्की और गाली-गलौज कर दी। मामला एमआईडीसी थाने तक पहुंचा, जिसके बाद पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शनिवार शाम करीब 4.59 बजे डायल-112 पर सड़क हादसे की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही कांस्टेबल अमित खापेकर और कांस्टेबल निलेश मौके पर पहुंचे। वहां एक्टिवा क्रमांक एमएच-40-डीएल-2738 और अशोक लेलैंड ट्रक क्रमांक एमएच-49-बीजेड-1939 के बीच टक्कर हुई थी। हादसे में एक्टिवा सवार रूपेश राऊत घायल हो गया था।
पुलिसकर्मियों ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर घायल रूपेश को उपचार के लिए लता मंगेशकर अस्पताल रवाना किया। इसी दौरान ट्रक चालक दीपक मिश्रा, निवासी रामेश्वरी नगर, ने घायल से नुकसान की भरपाई दिलाने की मांग शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों ने उसे समझाया कि मुआवजे से संबंधित विवाद का निपटारा पुलिस मौके पर नहीं करती।
बताया जाता है कि इस बात से नाराज होकर दीपक ने अपने पिता और भाई को मौके पर बुला लिया। तीनों ने पुलिसकर्मियों के साथ बहस करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी और बाद में उनके साथ धक्का-मुक्की भी की। मामला यहीं नहीं रुका। आरोप है कि तीनों पुलिसकर्मियों का पीछा करते हुए थाने तक पहुंच गए और उन्हें निलंबित कराने की धमकी देने लगे।
घटना के बाद कांस्टेबल अमित खापेकर की शिकायत पर एमआईडीसी पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।




