पुलिस के अनुसार, यह मामला मानकापुर थाना क्षेत्र का है। 18 वर्षीय एक डिलीवरी बॉय गे डेटिंग ऐप “पोलो” के माध्यम से एक युवक के संपर्क में आया था। बातचीत के बाद आरोपी मोहम्मद शेख जाकरी शेख फारुख ने उसे मानकापुर चौक में मिलने के लिए बुलाया।
पीड़ित काम खत्म करने के बाद तय स्थान पर पहुंचा। मुलाकात के बाद आरोपी उसकी बाइक पर बैठ गया और उसे आगे ले जाने लगा। कुछ दूरी तय करने के बाद आरोपी के चार अन्य साथी भी वहां पहुंच गए और युवक को घेर लिया।
आरोपियों ने युवक से बाइक की चाबी, मोबाइल फोन और एटीएम कार्ड छीन लिया। इसके बाद उसे अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर धमकाया गया और उसके परिचितों से पैसों की व्यवस्था करने के लिए दबाव बनाया गया।
गैंग ने युवक के बैंक खाते में 10 हजार रुपये जमा करवाए और बाद में एटीएम से पूरी रकम निकाल ली। इतना ही नहीं, आरोपियों ने युवक का मोबाइल फोन भी तोड़ दिया और पुलिस में शिकायत करने पर झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी।
घटना की शिकायत मिलने के बाद मानकापुर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीमों का गठन किया। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। तकनीकी साक्ष्यों और फुटेज के आधार पर पुलिस ने मोहम्मद शेख जाकरी शेख फारुख, कुणाल मांजरखेड़े, सोहेब अली सय्यद, फेरान फैयान शेख और शिजान शेख को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने इसी तरह की वारदातों को और कितने लोगों के साथ अंजाम दिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस गैंग का नेटवर्क शहर के अन्य इलाकों या दूसरे जिलों तक फैला हुआ है या नहीं।
फिलहाल सभी आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और उनसे गहन पूछताछ जारी है।





