
नागपुर – देश की आधुनिक और हाई-स्पीड ट्रेनों में शुमार वंदे भारत एक्सप्रेस में हुई लाखों रुपये की चोरी की सनसनीखेज वारदात का रेलवे पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। नागपुर से पुणे जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस में एक वरिष्ठ महिला यात्री के पर्स से 20 लाख 75 हजार रुपये मूल्य के सोने के गहने और नकदी चोरी करने के मामले में रेलवे पुलिस ने एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 7 लाख 6 हजार 754 रुपये मूल्य के सोने के गहने बरामद किए गए हैं, जबकि उसके दो अन्य साथी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
जानकारी के अनुसार, पुणे के भोसले पैराडाइज स्थित राजश्री विला निवासी 67 वर्षीय महिला नागपुर के अजनी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 से वंदे भारत एक्सप्रेस में सवार हो रही थीं। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर एक शातिर महिला ने उनके कंधे पर टंगे पर्स में रखा दूसरा पर्स पार कर दिया। चोरी हुए पर्स में लाखों रुपये के सोने के आभूषण और नकदी रखी हुई थी। जब महिला को घटना का अहसास हुआ तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच से मिला सुराग
पीड़िता की शिकायत पर जीआरपी थाने में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव गावंडे के नेतृत्व में विशेष जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने अजनी रेलवे स्टेशन सहित नागपुर शहर के विभिन्न इलाकों में लगे करीब 100 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।
कई घंटों की जांच के बाद पुलिस को एक संदिग्ध महिला दिखाई दी, जो चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद स्टेशन परिसर से बाहर निकलते हुए कैमरे में कैद हुई थी। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर जांच का दायरा बढ़ाया।
रामेश्वरी इलाके से दबोची गई आरोपी
जांच के दौरान मिली पुख्ता जानकारी के आधार पर रेलवे पुलिस ने रामटेकेनगर, रामेश्वरी टोली निवासी 25 वर्षीय पूजा अर्जुन उफाडे को 15 जून को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि उसने मुस्कान और सुरेखा नामक दो अन्य महिलाओं के साथ मिलकर इस अपराध को अंजाम दिया था।
पुलिस ने आरोपी पूजा के कब्जे से उसके हिस्से में आए सोने के गहने बरामद कर लिए हैं, जिनकी कीमत 7 लाख 6 हजार 754 रुपये बताई जा रही है।
फरार साथियों की तलाश जारी
रेलवे पुलिस अब फरार आरोपी महिलाओं की तलाश में जुटी हुई है। साथ ही चोरी गए शेष गहनों और नकदी की बरामदगी के लिए विभिन्न संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा और चोरी गया पूरा माल बरामद करने का प्रयास जारी है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई रेलवे पुलिस अधीक्षक मंगेश शिंदे के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस की सतर्कता और सीसीटीवी नेटवर्क के प्रभावी उपयोग से लाखों रुपये की चोरी का यह मामला सुलझाने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
रेलवे पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने कीमती सामान और गहनों की विशेष निगरानी रखें तथा संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
तालाब या प्लॉटिंग?उमरेड के गोपाला तालाब पर बड़ा सवाल
साइबर फ्रॉड रैकेट का बड़ा खुलासा #cybercrime #fraud #crime #amravati #news #maharashtranews
ज्वेलरी दुकान से 2 लाख के सोने के आभूषण चोरी, महिला गिरफ्तार...
कामठी में पागल कुत्ते का आतंक #nagpurnews #kamthi #dogbiting #newsupdate
ECMO saved a life of a 26year old | Dr Rajan Barokar...
एक देश, एक पक्ष की ओर देश? #maharashtranews #politicsnews #latestnews #news








