
नागपुर: इतवारी इलाके के सब्जी मंडी स्थित श्री अंबिका देवी सार्वजनिक मंदिर में चोरों ने सेंधमारी कर दानपेटी में रखी नकदी चुरा ली। चोर मंदिर के मुख्य दरवाजे की कड़ी तोड़कर अंदर दाखिल हुए और दानपेटी का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली, जिसमें दो संदिग्ध नजर आए हैं।
सुबह मंदिर का दरवाजा खुला मिला
जानकारी के मुताबिक, मंदिर के पुजारी हरिभाऊ राऊत 18 अगस्त की रात करीब 10 बजे मंदिर बंद कर घर चले गए थे। बुधवार तड़के करीब 4:30 बजे मंदिर के पास रहने वाले प्रभात अवथनकर ने उन्हें फोन कर मुख्य दरवाजा खुला होने और उसकी कड़ी टूटे होने की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही हरिभाऊ राऊत मंदिर पहुंचे। अंदर जाकर देखने पर मुख्य दरवाजे की कड़ी टूटी हुई थी। इसके अलावा दानपेटी की कड़ी और ताला भी तोड़ा गया था। जांच करने पर दानपेटी में रखी पूरी नकदी गायब मिली।
CCTV में दिखे दो संदिग्ध
घटना की सूचना तहसील पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा किया और जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर दो संदिग्ध व्यक्ति नजर आए हैं।
फिलहाल तहसील पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।




