
नागपुर: इमामवाड़ा थाना क्षेत्र के रामबाग म्हाडा कॉलोनी में पुराने विवाद को सुलझाने के लिए हुई बातचीत एक बार फिर मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गाली-गलौज, मारपीट और पीछा कर वाहन रोकने के आरोप लगाए हैं। मामले में दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने कुल 13 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
समझौते के दौरान फिर शुरू हुआ विवाद
शिकायतकर्ता राधिका तभाने के अनुसार, 17 अगस्त को रोहित खोब्रागड़े और रितीक खोब्रागड़े का मयुर फुले के साथ विवाद हुआ था। इस दौरान मारपीट भी हुई थी और मामला पुलिस तक पहुंचा था।
बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने की बात हुई। आरोप है कि इसी सिलसिले में परिवार के सदस्यों को रामबाग म्हाडा कॉलोनी बुलाया गया। बातचीत के दौरान विवाद दोबारा बढ़ गया और कथित तौर पर गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू हो गई।
शिकायत के मुताबिक, इस दौरान 16 वर्षीय किशोर समेत परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मारपीट की गई। घटना में घायल लोगों का मेडिकल कराया गया, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
दूसरे पक्ष ने भी लगाया मारपीट का आरोप
वहीं, दूसरी शिकायत में प्रणय विजय चव्हाण ने आरोप लगाया कि पुराने विवाद के बाद कुछ लोग उसके घर के पास पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए विवाद किया। आरोप है कि बाद में दोपहिया वाहन से जाते समय उसका पीछा कर वाहन रोका गया और उसके साथ मारपीट की गई।
दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर इमामवाड़ा पुलिस ने कुल 13 आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक, मयुर फुले और प्रणय चव्हाण के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है और घटना के पूरे घटनाक्रम की पड़ताल जारी है।




