
नागपुर: तहसील थाना क्षेत्र में चाय की दुकान चलाने के लिए कथित तौर पर ₹20 हजार मासिक रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन युवकों ने पहले बाइक सवार के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इसके बाद चाय की दुकान पर पहुंचकर दोबारा विवाद किया और चाकू दिखाकर धमकी दी। तहसील पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
शिकायतकर्ता संजय खरबिकर के अनुसार, वे पांचपावलेश्वर मंदिर में दर्शन के बाद दोपहिया वाहन से लौट रहे थे। पांचपावली के पहले रेलवे फाटक के पास भिसीकर की चाय की दुकान के सामने तीन युवक उनकी बाइक के सामने आ गए। रास्ते से हटने को कहने पर विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि तीनों युवकों ने संजय के साथ गाली-गलौज और हाथापाई की। इसी दौरान सड़क पर पड़े पत्थर से बाइक पर वार कर उसे नुकसान पहुंचाने का भी आरोप है।
इसके बाद संजय अपने दोस्त चंद्रशेखर भिसीकर की चाय की दुकान पर पहुंचे। आरोप है कि कुछ देर बाद तीनों युवक वहां भी पहुंच गए और संजय के साथ दोबारा मारपीट करने लगे। बीच-बचाव करने आए चंद्रशेखर और उनके दोस्तों को भी धमकाया गया।
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने चाकू दिखाकर हर महीने ₹20 हजार देने की मांग की और पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत के आधार पर तहसील पुलिस ने सोहम उर्फ सोनू निमजे, अक्षय धकाते और एक अन्य आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने सोहम निमजे और अक्षय धकाते को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, सोहम निमजे के खिलाफ पहले से एनडीपीएस और अवैध हथियार से जुड़े मामले दर्ज हैं। अक्षय धकाते के खिलाफ भी पूर्व में विभिन्न अपराध दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।




