
नागपुर: बजाजनगर थाना क्षेत्र स्थित सायाजी होटल में ऑनलाइन पेमेंट के फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाकर ठगी का मामला सामने आया है। तीन आरोपियों ने होटल में दो दिन तक ठहरने और अन्य सुविधाओं का लाभ लेने के बाद 37 हजार रुपये का बिल चुकाए बिना फरार हो गए। बजाजनगर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, होटल के फ्रंट ऑफिस मैनेजर पीयूष घंगारे की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। आरोपी विकास सालवे ने पहले होटल में कमरा बुक कराया और 25 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करने का फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाकर होटल प्रबंधन का विश्वास जीत लिया।
दो दिन होटल में रुके, फिर दिखाया दूसरा फर्जी स्क्रीनशॉट
अगले दिन आरोपी के साथी सागर डाके और सिद्धार्थ पोहारे भी होटल पहुंचे। तीनों ने दो दिनों तक होटल के कमरे, भोजन और अन्य सुविधाओं का लाभ लिया।
होटल छोड़ने के समय उनका कुल बिल 37 हजार रुपये बना। आरोपियों ने इस बार 50 हजार रुपये फोनपे (PhonePe) से ट्रांसफर करने का फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाते हुए दावा किया कि भुगतान हो चुका है।
बैंक खाते में नहीं आई रकम, खुली ठगी की पोल
होटल प्रबंधन ने जब अपने बैंक खाते की जांच की तो कोई राशि जमा नहीं मिली। आरोपियों से संपर्क करने पर वे लगातार टालमटोल करते रहे। जांच में सामने आया कि दोनों ऑनलाइन पेमेंट के स्क्रीनशॉट फर्जी थे।
इसके बाद होटल प्रबंधन ने बजाजनगर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने विकास सालवे, सागर डाके और सिद्धार्थ पोहारे के खिलाफ धोखाधड़ी और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। मामले की आगे जांच जारी है।




