
नागपुर: सावनेर शहर के वडार मोहल्ला परिसर में झोपड़ी में सो रहे 38 वर्षीय मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना बुधवार, 30 सितंबर 2026 को शाम करीब 4:30 बजे सामने आई। मृतक की पहचान उमेश धनुजी मोहबे, निवासी वडार मोहल्ला, सावनेर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, उमेश मोहबे मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। बुधवार को वह अपनी झोपड़ी में सो रहे थे। काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर आसपास के नागरिकों ने उन्हें जगाने का प्रयास किया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
इसके बाद स्थानीय नागरिकों ने सामाजिक कार्यकर्ता हितेश बनसोड को इसकी जानकारी दी। उमेश को तत्काल सावनेर के शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही डे ऑफिसर एएसआई राजेश पौनीकर सहित सावनेर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना की नोंद कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
घटना के बाद वडार मोहल्ला परिसर में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।



