नागपुर: नागपुर जिले के सावनेर में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसे में सगे दो भाइयों की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 10:15 बजे सावनेर रेलवे ट्रैक पर 40 वर्षीय निरंजन लक्ष्मण फिरके और उनके छोटे भाई 37 वर्षीय योगेश लक्ष्मण फिरके, दोनों निवासी सावनेर, ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना सामाजिक कार्यकर्ता हितेश बनसोड को अंकित हांडे ने दी, जिसके बाद पुलिस निरीक्षक ऋतुजा जाधव को तत्काल जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही सावनेर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
हितज्योति आधार फाउंडेशन के सदस्यों और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि दोनों भाई ट्रेन की चपेट में कैसे आए। सावनेर पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।





