
नागपुर: नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सक्करदरा पुलिस ने 20 ग्राम MD पाउडर के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुणाल म्हैसकर, निवासी हिंगणघाट के रूप में हुई है। पुलिस अब उस व्यक्ति की तलाश कर रही है, जिसने आरोपी को MD पाउडर उपलब्ध कराया था।
पुलिस को देखते ही भागने लगा आरोपी
पुलिस के मुताबिक, बीती देर रात सक्करदरा पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान दत्तात्रय नगर फायर ब्रिगेड कार्यालय के पीछे सक्करदरा लेक गार्डन की दीवार के पास एक युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया।
पुलिस टीम को अपनी ओर आता देखकर युवक अचानक वहां से भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया।
तलाशी में 20 ग्राम MD बरामद
पंचों की मौजूदगी में आरोपी की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से 20 ग्राम MD पाउडर बरामद हुआ। पुलिस ने MD पाउडर के अलावा एक मोबाइल फोन और नकदी समेत कुल 72 हजार रुपये का मुद्देमाल जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने आर्थिक लाभ के उद्देश्य से MD पाउडर अपने पास रखा था। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी हिंगणघाट से MD पाउडर लेकर नागपुर पहुंचा था।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
सक्करदरा पुलिस ने आरोपी कुणाल म्हैसकर के खिलाफ NDPS एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब MD पाउडर की सप्लाई करने वाले तस्कर की तलाश कर रही है।
मामले में पुलिस द्वारा आगे की जांच जारी है।



