
नागपुर जिले के रामटेक में भारतीय जनसेवा मंडल की ओर से आयोजित 45वीं भव्य शोभायात्रा का शुभारंभ बड़े उत्साह और भक्तिमय वातावरण में किया गया। संत गोपालबाबा की प्रतिमा पर माल्यार्पण तथा अठारह भुजा गणेश मंदिर में महाआरती के बाद शोभायात्रा प्रारंभ हुई। विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक झांकियों, आकर्षक सजावट, सुंदर रंगोलियों और स्वागत द्वारों से संपूर्ण रामटेक नगरी सज उठी।
शोभायात्रा में श्री गणेश अवतार की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इस झांकी को प्रस्तुत करने वाले मोहन कोठेकर को रामटेक के समाजसेवी आकाश ढोबले की ओर से एक लाख रुपये का विशेष पुरस्कार (स्टार पुरस्कार) प्रदान किया गया। उनके इस योगदान की उपस्थित नागरिकों ने सराहना की।
वहीं, छत्रपति युवा प्रतिष्ठान, चाचेर की ओर से प्रस्तुत ‘बाप माया का सागर… बेटी की सुरक्षा के लिए पिता की जद्दोजहद!’ इस सामाजिक संदेश देने वाली नाटिका ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। बेटियों की सुरक्षा और पिता के अपनी बेटी के प्रति प्रेम का महत्वपूर्ण संदेश देने वाली इस झांकी को द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुआ।
भारतीय जनसेवा मंडल के अध्यक्ष चंद्रपाल चौकसे, महासचिव डी. मल्लिकार्जुन रेड्डी, शोभायात्रा समिति के अध्यक्ष राजेश किंमतकर, राहुल गंडरे, राहुल कोठेकर सहित मंडल के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए विशेष प्रयास किए।
इस शोभायात्रा में राज्यमंत्री एड. आशीष जायसवाल, सांसद श्यामकुमार बर्वे, पूर्व मंत्री राजेंद्र मुळक, विधायक कुपाल तुमाने, नगराध्यक्ष विकेंद्र महाजन, उपविभागीय अधिकारी प्रियेश महाजन, तहसीलदार रमेश कोळपे तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी रमेश बरकते सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
शोभायात्रा में ट्रक-ट्रेलर, ट्रैक्टर, पैदल झांकियों, स्वागत द्वारों और रंगोली प्रतियोगिताओं के लिए कुल 5 लाख 58 हजार 652 रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई थी। संत गोपालबाबा की प्रेरणा से शुरू हुई 45 वर्षों की यह परंपरा इस वर्ष भी बड़े उत्साह के साथ मनाई गई। धार्मिक परंपरा के साथ सामाजिक जागरूकता का संदेश देने वाली यह शोभायात्रा रामटेकवासियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
प्रतिनिधी अजय मेहरकुळे रामटेक



