Published On : Tue, Oct 6th, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

रामनगर चौक पर युवक पर रॉड से हमला, दो आरोपी गिरफ्तार

हॉर्न बजाने पर भड़के तीन युवक, लोहे की रॉड से किया वार; दो गिरफ्तार, एक फरार
Advertisement

Auto Draft

नागपुर: अंबाझरी थाना क्षेत्र के रामनगर चौक पर सड़क के बीच कार खड़ी करने को लेकर हुआ विवाद हिंसक हो गया। गाड़ी साइड करने के लिए कहने पर कथित तौर पर शराब के नशे में धुत तीन युवकों ने एक युवक के साथ गाली-गलौज की और उसके सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में अंबाझरी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।

हॉर्न बजाने पर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, गोकुलपेठ निवासी 26 वर्षीय शिवानी कनौजिया अपने पति राहुल और छोटे बच्चे के साथ तेलंगखड़ी मंदिर से दर्शन कर कार से घर लौट रही थीं। रामनगर चौक के पास तीन युवक कथित तौर पर शराब के नशे में सड़क के बीच कार खड़ी किए हुए थे।

राहुल ने हॉर्न बजाकर कार साइड करने के लिए कहा। इसी बात पर तीनों युवक भड़क गए और राहुल के साथ गाली-गलौज करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।

Advertisement

कार से निकाली लोहे की रॉड

आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद तीनों युवकों ने कार से लोहे की रॉड निकाली और राहुल के सिर पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल राहुल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरे की तलाश

राहुल की शिकायत के आधार पर अंबाझरी पुलिस ने गोलीबार चौक निवासी प्रिंस भानुसे और पुष्कर शर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, घटना के समय दोनों आरोपी शराब के नशे में थे। मामले में शामिल तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।

इलाके में अवैध गतिविधियों को लेकर नागरिकों में नाराजगी

रामनगर चौक और आसपास के क्षेत्र में शराब के नशे में हंगामा करने और यातायात बाधित करने की शिकायतें सामने आती रही हैं। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि क्षेत्र में चल रहे कथित अवैध हुक्का पार्लरों के कारण भी ऐसी गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है।

नागरिकों ने पुलिस से ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.