Published On : Tue, Oct 6th, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

नागपुर: 112 कॉल पर 3 मिनट में पहुंची पुलिस, चाकू हमले से बचाया युवक

मोबाइल और नकदी मांगने का आरोप, विरोध करने पर चाकू से हमला; आरोपी गिरफ्तार
Advertisement

Auto Draft

नागपुर: पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 112 पर सूचना मिलते ही अजनी पुलिस महज तीन मिनट में घटनास्थल पर पहुंच गई और चाकू के हमले का सामना कर रहे एक युवक को सुरक्षित बचा लिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। घटना अजनी थाना क्षेत्र के संत कबीर नगर परिसर की है।

112 पर आया कॉल, 3 मिनट में मौके पर पहुंची पुलिस

जानकारी के अनुसार, बीती रात करीब सवा 11 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि संत कबीर मार्ग स्थित संत कबीर नगर परिसर में एक व्यक्ति पर चाकू से हमला किया जा रहा है। सूचना मिलते ही अजनी पुलिस के बीट मार्शल तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुए और करीब तीन मिनट में मौके पर पहुंच गए।

पुलिस ने शिकायतकर्ता मुकुल धापोड़े को सुरक्षित बचाया। इसके बाद पुलिस ने घटना की जानकारी लेते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी।

Advertisement

मोबाइल और नकदी मांगने का आरोप

मुकुल ने पुलिस को बताया कि उसी की गली में रहने वाले शाहबाज अजीम खान ने कथित तौर पर चाकू की नोक पर उससे मोबाइल फोन और नकदी की मांग की। मुकुल ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उस पर चाकू से हमला कर दिया।

मुकुल किसी तरह चाकू के वार से बच गया। इस दौरान हमले में उसकी गाड़ी की सीट का कवर फट गया। जान बचाकर वहां से निकलने के बाद उसने तत्काल पुलिस को घटना की जानकारी दी।

आरोपी गिरफ्तार, पहले भी हो चुकी है प्रतिबंधक कार्रवाई

घटना की जानकारी मिलते ही बीट मार्शल ने आरोपी की तलाश शुरू की और शाहबाज अजीम खान को पकड़कर गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ इससे पहले भी प्रतिबंधक कार्रवाई की जा चुकी है। आरोपी नशे का आदी बताया जा रहा है। मामले में अजनी पुलिस आगे की जांच कर रही है।

पुलिस की फुर्ती से टला बड़ा हादसा

112 नंबर पर समय रहते मिली सूचना और अजनी पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते संभावित गंभीर घटना टल गई। पुलिस के महज तीन मिनट में मौके पर पहुंचने से युवक को सुरक्षित बचाया जा सका और आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया गया।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.