
नागपुर: शहर में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में अमली पदार्थ विरोधी पथक ने इमामवाड़ा थाना क्षेत्र के रामबाग इलाके में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 17 ग्राम MD पाउडर, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल समेत करीब डेढ़ लाख रुपये का माल जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई रामबाग इलाके में मैत्री बौद्ध विहार के पास जाटतरोड़ी से मेडिकल चौक की ओर जाने वाले सड़क मार्ग पर तड़के की गई। इस दौरान पुलिस ने 29 वर्षीय सनी बागडे को हिरासत में लिया। आरोपी रामबाग क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है।
जांच के दौरान आरोपी के पास से करीब 17 ग्राम MD पाउडर बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 51 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल समेत करीब डेढ़ लाख रुपये का माल पुलिस ने जब्त किया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार सनी बागडे पहले से ही पुलिस रिकॉर्ड पर है और उसके खिलाफ गंभीर अपराध दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। मामले में स्वप्निल उर्फ बबलू दिनेश निषाद और दीक्षित धावेकर नामक दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
इस मामले में इमामवाड़ा थाने में NDPS एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद MD पाउडर कहां से लाया गया था और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।



