
नागपुर – बेलतरोड़ी थाना क्षेत्र में बुजुर्ग महिला के घर में घुसकर चाकू की नोंक पर मंगलसूत्र लूटने के सनसनीखेज मामले में फरार चल रहे दूसरे आरोपी को क्राइम ब्रांच यूनिट-4 ने बीड जिले से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान ग्राम माटेगांव, गेवराई, जिला बीड निवासी दीपक आटपले (21) के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए बेलतरोड़ी पुलिस के हवाले कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, 29 सितंबर को मॉडल मिल सोसायटी निवासी ऊषा देवीदास धार्मिक (60) घर में अकेली थीं। इसी दौरान दो बदमाश उनके घर में जबरन दाखिल हुए। आरोपियों ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उनके गले से सोने का मंगलसूत्र छीनकर दोपहिया वाहन से फरार हो गए।
वारदात के बाद आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने आरोपियों का पीछा किया। लोगों ने एक आरोपी सुमेध उर्फ पराग गजभिये को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, उसका दूसरा साथी मौके से फरार होने में सफल रहा था।
बीड में छिपे होने की मिली पुख्ता सूचना
मामले की जांच बेलतरोड़ी पुलिस के साथ-साथ क्राइम ब्रांच की टीम भी कर रही थी। जांच के दौरान क्राइम ब्रांच यूनिट-4 को फरार आरोपी दीपक आटपले के बीड जिले के चकलांबा थाना क्षेत्र में छिपे होने की पुख्ता जानकारी मिली। सूचना के आधार पर टीम ने बीड पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ के बाद आरोपी को बेलतरोड़ी पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस अब आरोपी से वारदात में उसकी भूमिका, लूटे गए मंगलसूत्र तथा घटना में इस्तेमाल किए गए वाहन सहित अन्य पहलुओं के संबंध में पूछताछ कर रही है।
इन अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटील, सहपुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी, अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) राजेंद्र दाभाडे, डीसीपी (डिटेक्शन) दीपक अग्रवाल तथा एसीपी वैभव जाधव के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक संजीवनी थोरात, एपीआई वैभव बारंगे, पीएसआई जितेशाचारी आरवेल्ली, हवलदार अतुल चाटे, भगवतीकुमार ठाकुर, अजय यादव, निलेश ढोणे, देवेंद्र नवघरे, अभिषेक शनिवारे, पुरुषोत्तम जगनाडे, अमलदार गोविंद देशमुख तथा चालक हवलदार लक्ष्मण कलमकर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



