
नागपुर के नवीन कामठी थाना क्षेत्र में पुलिस उपायुक्त जोन-6 की विशेष टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 110 गोवंशीय पशुओं को बरामद किया है। गादा-नेरी मार्ग स्थित गादा शिवार के रुद्र डेयरी फार्म में इन पशुओं को कथित तौर पर बिना चारा-पानी के निर्दयता से बांधकर रखा गया था।
पुलिस के अनुसार, विशेष टीम को सूचना मिली थी कि डेयरी फार्म में बिना अनुमति पशुओं को अवैध रूप से कत्तल के उद्देश्य से रखा गया है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान 110 पशु बंधे हुए मिले। पुलिस को देखते ही डेयरी फार्म का संचालक और अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने सभी 110 पशुओं को सुरक्षित बाहर निकालकर पारडी, नागपुर स्थित गोरक्षण केंद्र में भेज दिया। मामले में नवीन कामठी पुलिस थाने में डेयरी फार्म संचालक सहित तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 19 लाख 15 हजार रुपये का मुद्देमाल जब्त किया है।
यह कार्रवाई डीसीपी जोन-6 रमेश धुमाळ और एसीपी अंकुश खेडकर के मार्गदर्शन में पुलिस उपनिरीक्षक विकास तिडके और उनकी विशेष टीम ने की।
पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है और मामले की आगे जांच जारी है।





