
नागपुर: पारडी थाना क्षेत्र में पूनापुर नाले के पास शनिवार सुबह 50 वर्षीय महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान फुलेशिया नोहर भारती के रूप में हुई है। वह आरा कंपनी में काम करती थी और शुक्रवार सुबह काम के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस घर नहीं लौटी। शनिवार सुबह उसका शव नाले के पास मिला।
काम पर नहीं पहुंची महिला
जानकारी के मुताबिक, फुलेशिया शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे काम के लिए घर से निकली थी। हालांकि, वह आरा कंपनी में काम पर नहीं पहुंची। परिजनों के अनुसार, फुलेशिया को शराब पीने की आदत थी और वह कई-कई दिनों तक घर से बाहर रहती थी।
इसके बाद शनिवार सुबह पूनापुर नाले के पास महिला का शव दिखाई दिया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही पारडी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने फिलहाल आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है।
महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।



