
नागपुर: गांधी जयंती के ड्राई डे से पहले पारडी पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के मामले का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने भंडारा हाईवे पर सुरुची कंपनी के सामने एक मारुति बलेनो कार को रोककर तलाशी ली, जिसमें अलग-अलग ब्रांड की शराब की खेप बरामद हुई।
पुलिस के मुताबिक, पारडी पुलिस को अवैध शराब की तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने भंडारा हाईवे रोड स्थित सुरुची कंपनी के सामने नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान नागपुर से भुगांव की ओर जा रही बलेनो कार को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कार से अलग-अलग ब्रांड की शराब की बोतलें बरामद हुईं। पुलिस ने मौके से आरोपी अखिलेश जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, शराब और बलेनो कार समेत कुल ₹7,55,460 का माल जब्त किया गया है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश पर वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक नंदा मनगटे के मार्गदर्शन में की गई। फिलहाल पारडी पुलिस शराब के स्रोत और खेप को कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जांच कर रही है।



