नागपुर/मुंबई: बैंकॉक से लौटे नागपुर के एक युवक को मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम्स की एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) ने करोड़ों रुपये की प्रतिबंधित ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के ट्रॉली बैग से 13.47 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत ₹4.71 करोड़ बताई जा रही है। मामले में अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क की जांच भी शुरू कर दी गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विकास गणोरकर (30), निवासी नागपुर के रूप में हुई है। कस्टम्स अधिकारियों को उसके संबंध में पहले से खुफिया सूचना मिली थी, जिसके आधार पर उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। जानकारी के अनुसार, वह पिछले सप्ताह अपने दोस्तों के साथ बैंकॉक गया था और मंगलवार रात मुंबई एयरपोर्ट पहुंचा।
ट्रॉली बैग से मिली करोड़ों की हाइड्रोपोनिक वीड
जांच के दौरान कस्टम्स अधिकारियों ने आरोपी के ट्रॉली बैग की तलाशी ली, जिसमें से 13.47 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड बरामद हुई। बरामदगी के बाद अधिकारियों ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसका पासपोर्ट, बोर्डिंग पास, बैगेज टैग और मोबाइल फोन जब्त कर लिया।
अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट से जुड़े तार खंगाल रही एजेंसियां
प्रारंभिक पूछताछ में कुछ अन्य लोगों की संलिप्तता के संकेत मिलने के बाद जांच एजेंसियों ने मामले की जांच अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट के एंगल से शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि प्रतिबंधित मादक पदार्थ बैंकॉक से किसने भेजा, भारत में इसकी डिलीवरी किसे की जानी थी और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन शामिल है।
बचाव पक्ष ने फंसाने का लगाया आरोप
आरोपी की ओर से अधिवक्ता स्वराली केलकर ने दावा किया है कि उनके मुवक्किल को बैग में रखे प्रतिबंधित पदार्थ की कोई जानकारी नहीं थी और उन्हें इस मामले में झूठा फंसाया गया है। फिलहाल कस्टम्स और अन्य जांच एजेंसियां मामले की विस्तृत जांच कर रही हैं।





