
नागपुर: नागपुर में तेज रफ्तार भारी वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। हिंगणा रोड के झोन चौक पर अज्ञात ट्रक की टक्कर से YCCE कॉलेज की 35 वर्षीय सहायक प्राध्यापिका प्रियंका मोरे की मौत हो गई। वह कॉलेज में ड्यूटी पर जा रही थीं।
झोन चौक पर हुआ भीषण हादसा
मिली जानकारी के मुताबिक, प्रियंका मोरे सुबह अपनी दोपहिया से वानाडोंगरी स्थित YCCE कॉलेज जा रही थीं। इसी दौरान झोन चौक के पास एक अज्ञात ट्रक चालक ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घटना के बाद प्रियंका को तत्काल शालिनीताई मेघे अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
MIDC पुलिस ने दर्ज किया मामला
इस मामले में हुडकेश्वर निवासी जीवन डेहनकर की शिकायत पर MIDC पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस उपनिरीक्षक जाधव के मार्गदर्शन में आगे की जांच जारी है।
इस दर्दनाक हादसे से परिसर में शोक की लहर है। विद्यार्थियों का भविष्य संवारने कॉलेज जा रहीं प्रियंका मोरे की अचानक मौत से परिवार और परिचितों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।



