
नागपुर: नागपुर जिले के हिंगना में 28 दिनों से लापता महिला की गुमशुदगी का मामला अब रहस्यमयी मौत की गुत्थी में बदल गया है। देवली पेंढरी परिसर के एक खेत में महिला का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की हालत इतनी खराब थी कि चेहरा देखकर पहचान करना मुश्किल हो गया। घटनास्थल पर मिले कपड़ों के आधार पर पुलिस को आशंका है कि यह शव 7 अक्टूबर से लापता बाली उर्फ मीना रणवीर तेलंग का हो सकता है।
6 अक्टूबर की रात अचानक हुई थी लापता
पुलिस के अनुसार, मीना 6 अक्टूबर की रात अचानक लापता हो गई थी। बताया जाता है कि उस रात किसी व्यक्ति से बातचीत को लेकर पति रणवीर और मीना के बीच विवाद हुआ था। विवाद के बाद पति हॉल में बैठ गया, जबकि मीना रसोई में खाना बनाने चली गई। कुछ देर बाद जब पति रसोई में पहुंचा तो मीना वहां मौजूद नहीं थी।
परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 7 अक्टूबर को हिंगना पुलिस थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
खेत में मिला सड़ा-गला शव
करीब 28 दिनों बाद देवली शिवार के एक खेत में महिला का सड़ा-गला शव मिलने से मामले ने नया मोड़ ले लिया। सूचना मिलते ही DCP जोन-1 ऋषिकेश रेड्डी और इंस्पेक्टर प्रमोद घोंगे पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
शव की हालत इतनी खराब थी कि परिजन भी उसकी पहचान नहीं कर सके। हालांकि, घटनास्थल से मिले कपड़ों के आधार पर पुलिस को शव मीना तेलंग का होने का संदेह है।
DNA जांच से होगी पहचान की पुष्टि
फिलहाल पुलिस मीना के माता-पिता के रक्त के नमूने लेकर DNA जांच कराने की तैयारी कर रही है। पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
DCP ऋषिकेश रेड्डी के मुताबिक, DNA रिपोर्ट आने के बाद ही शव की पहचान की पुष्टि हो सकेगी। यदि शव मीना का निकला, तो उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई और वह 28 दिनों तक कहां थी, इन सवालों के जवाब तलाशना पुलिस के लिए अहम होगा।
फिलहाल इस मामले में हत्या या हादसे की आशंका को लेकर कोई निष्कर्ष सामने नहीं आया है। DNA रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही रहस्यमयी मौत की गुत्थी सुलझने की उम्मीद है।



