
नागपुर: यशोधरानगर इलाके में अमली पदार्थ विरोधी पथक ने कार्रवाई करते हुए 58 ग्राम MD ड्रग्स बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में एक हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है, जबकि छह अन्य आरोपियों को वांछित बताया गया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने MD ड्रग्स के अलावा दो मोबाइल फोन और एक स्कॉर्पियो कार भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर की रात गश्त के दौरान पुलिस हवलदार इमरान शेख को यशोधरानगर क्षेत्र में MD ड्रग्स की तस्करी के संबंध में गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने प्रधानमंत्री आवास योजना, संघर्षनगर स्थित बिल्डिंग क्रमांक पी/01 के सामने अंदरूनी रोड पर संदिग्ध व्यक्ति को रोका। दो पंचों की मौजूदगी में उसकी तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान पुलिस को करीब 58 ग्राम MD पाउडर बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 1.75 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा पुलिस ने दो मोबाइल फोन और एक स्कॉर्पियो कार भी जब्त की। पुलिस के अनुसार जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 40 वर्षीय इजाजुद्दीन सिद्दीकी, निवासी हमीदनगर, के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, इजाजुद्दीन के खिलाफ नागपुर पुलिस आयुक्तालय के विभिन्न पुलिस थानों में गंभीर प्रकृति के 22 मामले दर्ज हैं।
इस मामले में पुलिस ने आमिर मुकीम मलिक, करीम मुकीम मलिक, शिबू मलिक, कैफ मलिक, सागिर मोहम्मद लतीफ अंसारी और ओसामा को वांछित आरोपी बनाया है।
यशोधरानगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। साथ ही, बरामद MD ड्रग्स की खेप कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय हैं, इसकी जांच भी की जा रही है।




