Published On : Wed, Jul 8th, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

गांव जा रहे मजदूर की लूट के बाद हत्या, 100 CCTV फुटेज से तीन आरोपी गिरफ्तार

Advertisement

नागपुर: गांव लौटने की तैयारी कर रहा एक मजदूर लुटेरों का शिकार बन गया। स्टेशन छोड़ने का झांसा देकर तीन आरोपियों ने उसे ऑटो में बैठाया, शहरभर में घुमाकर बेरहमी से पीटा, नकदी लूट ली और चलती गाड़ी से सड़क किनारे फेंक दिया। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। क्राइम ब्रांच ने 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर इस अंधे लूट और हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान हेमलाल धृतलहरे (32), निवासी छत्तीसगढ़, के रूप में हुई है। वह नागपुर में मजदूरी करता था। घटना वाले दिन वह अपने गांव जाने के लिए आजमशाह चौक पर वाहन का इंतजार कर रहा था।

इसी दौरान देर रात ऑटो में घूम रहे तीन आरोपी उसके पास पहुंचे। हेमलाल के हाथ में बैग देखकर उन्होंने लूट की योजना बनाई और बातचीत शुरू की। जब हेमलाल ने बताया कि उसे इतवारी रेलवे स्टेशन जाना है, तो आरोपियों ने उसे स्टेशन छोड़ने का भरोसा देकर ऑटो में बैठा लिया।

हालांकि, स्टेशन ले जाने के बजाय आरोपी उसे शहर की विभिन्न सड़कों पर घुमाते रहे। इस दौरान उसके साथ मारपीट की गई और उसकी जेब से करीब 2,500 रुपये लूट लिए गए। आरोप है कि बैग की तलाशी लेने पर उसमें कोई कीमती सामान नहीं मिला तो पहले बैग सड़क पर फेंक दिया गया और फिर हेमलाल को बेरहमी से पीटकर चलती ऑटो से बाहर फेंक दिया गया।

Advertisement

घटना की सूचना मिलने पर लकड़गंज पुलिस ने गंभीर रूप से घायल हेमलाल को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद मामले की जांच क्राइम ब्रांच यूनिट-3 ने अपने हाथ में ली।

जांच के दौरान पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दिखाई दिए ऑटो की पहचान उसके गोल साइड मिरर और पीछे लगे फटे हुए कपड़े के आधार पर की गई। इसी महत्वपूर्ण सुराग से पुलिस ऑटो मालिक तक पहुंची।

पूछताछ में ऑटो मालिक ने बताया कि वाहन पिछले 20 दिनों से मोहम्मद आसिफ साजिद शेख को किराये पर दिया गया था। इसके बाद पुलिस ने मोहम्मद आसिफ को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने कथित रूप से अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर उसके दो साथी प्रफुल चौधरी और मोहम्मद आसिफ उर्फ मोनू को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

क्राइम ब्रांच ने तीनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए लकड़गंज पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.