नागपुर: हुड़केश्वर पुलिस थाने की कस्टडी से चोरी के एक कुख्यात आरोपी के फरार होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। आरोपी सोमवार सुबह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया, जिसके बाद उसकी तलाश के लिए शहर पुलिस की कई टीमें रवाना कर दी गई हैं।
पुलिस के अनुसार, फरार आरोपी की पहचान इक्का उर्फ हर्ष महेंद्र रामटेके (25), निवासी तिरोड़ा, के रूप में हुई है। उसे चोरी के एक मामले में तीन दिन पहले गिरफ्तार किया गया था और वह पुलिस कस्टडी में था।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 8 बजे पुलिसकर्मी आरोपी को शौचालय ले गए थे। इसी दौरान उसने पुलिस को चकमा दिया और मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और आरोपी की तलाश शुरू कर दी। शहर पुलिस की विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।
इस घटना के बाद पुलिस कस्टडी से आरोपी के फरार होने को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल हुड़केश्वर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।





