
नागपुर: नागपुर में प्रतिबंधित तंबाकूजन्य पदार्थों और हुक्का सामग्री के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है। पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल की विशेष एस्कॉर्ट टीम ने सक्करदरा थाना क्षेत्र के बड़ा ताजबाग स्थित ताज पान पैलेस पर छापा मारकर हुक्का पॉट, नलियां, हुक्का फ्लेवर-सिगरेट और खर्रा बनाने की इलेक्ट्रिक मशीन समेत प्रतिबंधित सामग्री जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, विशेष एस्कॉर्ट टीम के प्रमुख एपीआई भगवान कोळी अपनी टीम के साथ सक्करदरा क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रहे थे। इसी दौरान रात करीब 3 बजे बड़ा ताजबाग स्थित ताज पान पैलेस में संदिग्ध गतिविधियां नजर आईं। पुलिस टीम ने तत्काल दुकान पर छापा मारा।
पुलिस के पहुंचते ही दुकान मालिक फारुख शेख मोइनुद्दीन और कुछ अन्य लोग मौके से फरार हो गए। वहीं दुकान पर काम करने वाले मोहसिन शेख मेहमूद को पुलिस ने पकड़ लिया।
दुकान की तलाशी के दौरान पुलिस को 2 हुक्का पॉट, 23 हुक्का नलियां और अलग-अलग कंपनियों के 80 हुक्का फ्लेवर-सिगरेट मिले। इसके अलावा खर्रा बनाने की इलेक्ट्रिक मशीन और अन्य प्रतिबंधित तंबाकूजन्य पदार्थ भी बरामद किए गए।
पुलिस ने बरामद सामग्री जब्त कर ली है। फरार दुकान मालिक सहित दो आरोपियों के खिलाफ सक्करदरा थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि प्रतिबंधित तंबाकूजन्य पदार्थ और हुक्का सामग्री की सप्लाई कहां से हो रही थी और इस कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
मामले की आगे की जांच सक्करदरा पुलिस कर रही है।



