नागपुर : नागपुर के कलमना थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार महाराष्ट्र राज्य परिवहन (एसटी) बस की चपेट में आने से एक शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक स्वयं वाहन लेकर कलमना डिपो पहुंचा, जहां से पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 41 वर्षीय निलेश मुरलीधर पारधी के रूप में हुई है। वह कामठी के येरखेड़ा निवासी थे और यशोधरा नगर स्थित सावित्रीबाई फुले कन्या विद्यालय में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। शुक्रवार सुबह वह अपनी बाइक से स्कूल जा रहे थे।
घटना कामठी रोड स्थित न्यू ओम साईं नगर के पास हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्पीड ब्रेकर पार करते समय तेज रफ्तार एसटी बस अनियंत्रित हो गई और बाइक सवार निलेश पारधी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन को कलमना डिपो ले गया और अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही कलमना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा और बस चालक को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस फिलहाल हादसे के सटीक कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में स्पीड ब्रेकर के पास बस के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है।





