
नागपुर: शहर के तहसील थाना क्षेत्र में दुकान में सेंधमारी कर 1.70 लाख रुपये नकद चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। तहसील पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की रकम में से 70 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, यह घटना गोळीबार चौक, टिमकी तीनखंबा और खापरे मोहल्ला क्षेत्र में स्थित रोमन ट्रेडर्स नामक दुकान में हुई। दुकान के मालिक मोहम्मद शहबान अंसारी ने 3 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे दुकान बंद की और घर चले गए थे। अगले दिन सुबह करीब 7 बजे जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो दुकान में सेंधमारी होने का पता चला।
जांच में सामने आया कि चोरों ने दुकान में घुसकर कैश काउंटर से करीब 1 लाख 70 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए थे। घटना की शिकायत मिलने के बाद तहसील पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी जांच की। इससे पुलिस को आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके आधार पर पुलिस ने वेदांत उर्फ छोटा कालू विकास चाटे, हिमांशु विकास चाटे और विनीत उर्फ काल्या कुन्हाडकर को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने दो नाबालिग साथियों के साथ मिलकर दुकान में चोरी करने की बात कबूल की। पुलिस ने वेदांत चाटे और विनीत कुन्हाडकर के कब्जे से 70 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस अब मामले की आगे जांच कर रही है। साथ ही आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उन्होंने नागपुर शहर में चोरी की अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया है या नहीं।




