
नागपुर: सक्कदरा थाना क्षेत्र के भांडे प्लॉट चौक स्थित SBI बैंक शाखा में दिनदहाड़े लूट की वारदात से सनसनी फैल गई। एक आरोपी ने बैंक में घुसकर कर्मचारियों पर मिर्ची पाउडर फेंका और चार लाख रुपये से अधिक की नकदी लेकर फरार हो गया। घटना गुरुवार शाम की बताई जा रही है।
वारदात के दौरान आरोपी ने बैंक कर्मचारियों को निशाना बनाते हुए मिर्ची पाउडर फेंका और मौका पाकर नकदी लेकर फरार हो गया। पूरी घटना बैंक में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सक्कदरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 28 वर्षीय सूरज बोरकर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात को अंजाम देने में आरोपी के साथ कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।
मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है और लूटी गई रकम तथा वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।




