नागपुर: नवीन कामठी थाना क्षेत्र के रनाळा इलाके में शराब की बोतल को लेकर हुए विवाद में एक महिला की मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि विवाद के दौरान पति ने पत्नी का सिर जमीन पर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना रविवार रात करीब 9:30 बजे खानवाणी लेआउट में हुई। मृतका की पहचान 60 वर्षीय श्यामवती उमाशंकर वट्टी के रूप में हुई है।
शराब की बोतल गायब होने पर हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, श्यामवती और उनके 65 वर्षीय पति उमाशंकर वट्टी मूल रूप से मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के रहने वाले हैं। दोनों पिछले करीब दो वर्षों से रनाळा में निर्माण मजदूर के रूप में काम कर रहे थे।
रविवार को काम से लौटने के बाद दोनों घर पर थे। श्यामवती खाना बना रही थीं, जबकि उमाशंकर देशी शराब की 90 एमएल की दो बोतल लेकर आया था। इनमें से एक बोतल नहीं मिलने पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर उमाशंकर ने श्यामवती का सिर जमीन पर पटक दिया।
पोते के शोर मचाने पर पहुंचे लोग
घटना के दौरान दंपति का करीब 10 वर्षीय पोता भी घर में मौजूद था। उसने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी ठेकेदार रोशन हलमारे को दी।
गंभीर रूप से घायल श्यामवती को तत्काल कामठी उपजिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पति गिरफ्तार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलने के बाद नवीन कामठी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी पति उमाशंकर वट्टी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस का प्राथमिक अनुमान है कि विवाद के दौरान सिर में गंभीर चोट लगने के कारण महिला की मौत हुई हो सकती है। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
मृतका के परिवार में तीन बेटियां, एक बेटा और पोते-पोतियों सहित अन्य सदस्य हैं। मामले की आगे की जांच वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक महेश आंधळे के मार्गदर्शन में पुलिस उपनिरीक्षक अक्षय झगड़े कर रहे हैं।




