नागपुर: शहर में वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए क्राइम ब्रांच यूनिट-3 ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर 10 वाहन चोरी और एक मोबाइल चोरी समेत कुल 11 वारदातों का खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से करीब 4 लाख रुपये का चोरी का माल बरामद किया गया है।
CCTV फुटेज से मिली सुराग
क्राइम ब्रांच यूनिट-3 की टीम वाहन चोरी के मामलों की जांच कर रही थी। इस दौरान पुलिस को कई वारदातों के CCTV फुटेज मिले, जिनमें आरोपी की गतिविधियां सामने आई थीं। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। इसी बीच गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने सायमन उर्फ शेट्टी अंथोनी फ्रान्सिस को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान पुलिस के मुताबिक आरोपी ने नागपुर शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज 10 वाहन चोरी और एक मोबाइल चोरी समेत कुल 11 मामलों में संलिप्तता का खुलासा किया।
कई थाना क्षेत्रों की वारदातों का खुलासा
पुलिस के अनुसार, आरोपी से जिन मामलों का खुलासा हुआ है, उनमें कोतवाली, अजनी, सोनेगांव, सीताबर्डी, भांडेवाड़ी और बेलतरोड़ी थाना क्षेत्रों में दर्ज अपराध शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 4 लाख रुपये का चोरी का माल जब्त किया है। मेडिकल जांच के बाद आरोपी और जब्त माल को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बेलतरोड़ी पुलिस थाने के सुपुर्द कर दिया गया है।
क्राइम ब्रांच अब आरोपी से पूछताछ के आधार पर चोरी की अन्य वारदातों और संभावित साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।




