
नागपुर: अंबाझरी थाना क्षेत्र के शिवाजी नगर स्थित द बैरल कैफे में रविवार तड़के हुई आगजनी के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पब में रजनीगंधा की पुड़िया ले जाने से रोकने पर सिक्योरिटी कर्मचारी से हुई मामूली कहासुनी को 31 वर्षीय मास्टर शेफ मोहनलाल तिवारी ने दिल पर ले लिया। दोस्तों के सामने हुए कथित अपमान का बदला लेने के लिए उसने अपने साथी शुभम विश्वकर्मा के साथ मिलकर पब बंद होने के बाद पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। वारदात के बाद दोनों फरार हो गए, लेकिन CCTV फुटेज की मदद से पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
दोस्तों के सामने हुई कहासुनी से नाराज था आरोपी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 31 वर्षीय मोहनलाल तिवारी, निवासी भीम नगर, इसासनी और 23 वर्षीय शुभम विश्वकर्मा, मूल निवासी रीवा, मध्य प्रदेश, के रूप में हुई है। मोहनलाल पेशे से मास्टर शेफ है। बताया जाता है कि वह विदेश के करीब 10 देशों में काम कर चुका है और वर्तमान में जयप्रकाश नगर में ‘समोटा’ नाम से अपना होटल चलाता है। वहीं शुभम नागपुर के एक होटल में शेफ के तौर पर काम करता है।
शनिवार रात मोहनलाल अपने तीन दोस्तों के साथ पार्टी करने द बैरल कैफे पहुंचा था। प्रवेश के दौरान सिक्योरिटी कर्मचारी ने उसे रजनीगंधा की पुड़िया अंदर ले जाने से रोक दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई। दोस्तों के सामने हुई इस घटना से मोहनलाल कथित तौर पर काफी नाराज और अपमानित महसूस कर रहा था।
पार्टी खत्म होने के बाद वह दोस्तों के साथ घर लौट गया, लेकिन पुलिस के मुताबिक उसके मन में इस घटना को लेकर बदला लेने की बात चलती रही।
साथी को बुलाकर पहुंचा पब, पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग
इसके बाद मोहनलाल ने अपने दोस्त शुभम को फोन कर घूमने के लिए बुलाया। बताया जाता है कि उसने शुभम को अपने इरादे के बारे में नहीं बताया था। छुट्टी होने के कारण शुभम उसके साथ घूमने निकल गया।
रात में दोनों दोबारा द बैरल कैफे पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने पब में पेट्रोल छिड़का और आग लगा दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों मौके से फरार हो गए।
आगजनी की इस घटना में कैफे को करीब 9 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। कैफे मालिक हरीश गवई ने मैनेजर कमलदीप मित्रे के माध्यम से अंबाझरी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
CCTV फुटेज से खुला पूरा राज
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दोनों आरोपी पब में प्रवेश करते और पेट्रोल छिड़ककर आग लगाते हुए दिखाई दिए। CCTV से मिले सुराग और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद आखिरकार करीब नौ लाख रुपये की आगजनी में बदल गया। अंबाझरी पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।




