Published On : Wed, Oct 7th, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

रॉन्ग साइड दौड़ा रहा था कार, रोकने पर पुलिसवालों पर चढ़ा दी गाड़ी

दो हवलदारों ने छलांग लगाकर बचाई जान; आरोपी ने गाली-गलौज कर वर्दी उतरवाने की दी धमकी
Advertisement

Nagpur Crime Branch Acts Against 21 Accused in 18 Operations

नागपुर : रॉन्ग साइड से तेज रफ्तार कार चलाने वाले चालक को रोकना दो यातायात पुलिसकर्मियों के लिए उस समय जानलेवा बन गया, जब कार्रवाई से बचने के लिए आरोपी ने कार सीधे उनकी ओर दौड़ा दी। अचानक अपनी तरफ आती कार देखकर दोनों हवलदारों ने समय रहते छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। उनकी सतर्कता के चलते बड़ा हादसा टल गया।

घटना के बाद भी आरोपी का रवैया नहीं बदला। आरोप है कि उसने यातायात पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज की और कार्रवाई करने पर उनकी वर्दी उतरवाने तक की धमकी दे डाली। इस मामले में सोनेगांव पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शासकीय काम में बाधा डालने, धमकी देने और गाली-गलौज करने का मामला दर्ज किया है।

आरोपी की पहचान प्लॉट नंबर 14, कृष्णविहार सोसायटी, नरेंद्रनगर निवासी जय मेघराज बजाज (30) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, सोनेगांव यातायात परिमंडल में कार्यरत हवलदार शंकर मुसले और मनीष पलेरिया सोमवार शाम उज्ज्वलनगर मेट्रो स्टेशन के सामने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे थे। इसी दौरान मनीषनगर अंडरपास की ओर से जय बजाज कार लेकर आया। वह रॉन्ग साइड से वाहन चला रहा था।

Advertisement

दोनों हवलदारों ने कार चालक को रुकने का इशारा किया। आरोप है कि बजाज ने पुलिसकर्मियों के इशारे के बावजूद कार रोकने के बजाय वाहन सीधे उनकी ओर बढ़ा दिया। अचानक कार को अपनी तरफ आता देखकर दोनों पुलिसकर्मियों ने सामने से छलांग लगा दी और किसी तरह अपनी जान बचाई।

कुछ क्षणों के लिए घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दोनों पुलिसकर्मियों के समय रहते सतर्क होने के कारण संभावित गंभीर हादसा टल गया।

इसके बाद पुलिसकर्मियों ने कार को रोककर रॉन्ग साइड वाहन चलाने के मामले में नियमानुसार चालान की कार्रवाई की। इसी दौरान आरोपी जय बजाज ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज शुरू कर दी। इतना ही नहीं, कार्रवाई किए जाने पर उनकी वर्दी उतरवाने की धमकी भी दी।

घटना की जानकारी सोनेगांव यातायात परिमंडल के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रशांत पांडे तथा पुलिस नियंत्रण कक्ष को दी गई। मामले में हवलदार शंकर मुसले की शिकायत पर सोनेगांव पुलिस ने आरोपी जय बजाज के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।

पुलिस के मुताबिक, मामले की आगे जांच की जा रही है। जांच के दौरान घटना से संबंधित अन्य पहलुओं और उपलब्ध साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.