
नागपुर: पंचपावली थाना क्षेत्र में पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस ने एक युवक को संदिग्ध अवस्था में गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उसके पास से धारदार चाकू बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी से जरीपटका थाना क्षेत्र से चोरी की गई दो दोपहिया गाड़ियां बरामद की गई हैं।
मोतीबाग रेलवे क्रॉसिंग के पास पकड़ा गया
पुलिस के मुताबिक, पंचपावली पुलिस की टीम मोतीबाग रेलवे क्रॉसिंग के पास पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान हर्षल उर्फ हरशु मुकेश तभाने संदिग्ध अवस्था में एक मोपेड पर घूमता दिखाई दिया।
पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से एक धारदार चाकू बरामद हुआ। उसके कब्जे से बरामद मोपेड की जांच करने पर वह जरीपटका थाने में दर्ज वाहन चोरी के एक मामले में चोरी की निकली।
पूछताछ में दूसरे वाहन का भी खुलासा
इसके बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान एक और चोरी की दोपहिया गाड़ी के बारे में जानकारी मिली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने दूसरी चोरी की गाड़ी भी बरामद कर ली।
पुलिस के मुताबिक, बरामद दोनों चोरी के वाहनों की कुल कीमत करीब 1 लाख 55 हजार रुपये है।
कई थानों में दर्ज हैं मामले
पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले से आपराधिक रिकॉर्ड पर है। उसके खिलाफ पंचपावली, जरीपटका, हिंगणा, गिट्टीखदान, हुडकेश्वर और सक्करदरा पुलिस थानों में वाहन चोरी और सेंधमारी से जुड़े करीब आधा दर्जन मामले दर्ज हैं।
पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।




