
नागपुर : बेलतरोड़ी थाना क्षेत्र के न्यू मनीष नगर स्थित मॉडल मिल सोसाइटी में मंगलवार दोपहर चोरी के संदेह में दो युवकों को भीड़ ने पकड़ लिया। दोनों की कथित तौर पर जमकर पिटाई की गई। इस घटना में गंभीर रूप से घायल एक युवक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका साथी मौका पाकर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। हालात को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों समेत भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया।
मृतक की पहचान नरसाला निवासी सुमेध राजेंद्र गजभिये (28) के रूप में हुई है। घटना मंगलवार दोपहर करीब 1.45 बजे की बताई जा रही है।
महिला के गले पर चाकू रखकर मंगलसूत्र छीनने का आरोप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, न्यू मनीष नगर स्थित मॉडल मिल सोसाइटी में उषा देवीदास धार्मिक (61) के घर में दो युवक घुस आए। आरोप है कि एक युवक ने महिला के गले पर चाकू रखकर उनका मंगलसूत्र छीनने का प्रयास किया। महिला द्वारा विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपी के हाथ मंगलसूत्र का टूटा हुआ हिस्सा ही लग सका।
महिला की आवाज सुनकर दूसरे कमरे में मौजूद उनकी बहू हॉल में पहुंची। आरोपियों ने कथित तौर पर उससे भी गहने और नकदी देने की मांग की। स्थिति भांपते हुए बहू बच्चे को कमरे में रखने का बहाना बनाकर अंदर गई और दरवाजा भीतर से बंद कर लिया। इसके बाद उसने अपने पति और पड़ोसियों को फोन कर घर में घुसे युवकों की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही महिला का बेटा अपने दोस्तों और पड़ोसियों के साथ घर पहुंचा। इसके बाद आसपास के इलाके में दोनों युवकों की तलाश शुरू कर दी गई।
दोपहिया वाहन के पास मिले दोनों युवक
तलाश के दौरान कुछ दूरी पर एक दोपहिया वाहन के पास सुमेध गजभिये और उसका साथी दीपक पाटिल दिखाई दिए। दोनों को महिला के घर में घुसने वाले आरोपी होने के संदेह में लोगों ने घेर लिया। देखते ही देखते वहां भीड़ जमा हो गई और दोनों युवकों के साथ मारपीट शुरू कर दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही बेलतरोड़ी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मारपीट कर रहे तीन लोगों को हिरासत में लिया और घायल सुमेध को अपने कब्जे में ले लिया। इसी दौरान उसका साथी दीपक पाटिल मौका पाकर वहां से फरार हो गया।
थाने में बिगड़ी हालत, मेडिकल अस्पताल में मौत
पुलिस सुमेध को बेलतरोड़ी थाने लेकर पहुंची। वहां उसकी हालत बिगड़ने पर थानेदार नाइकवाड़ ने उसे तत्काल उपचार और मेडिकल जांच के लिए शासकीय मेडिकल अस्पताल भेजा। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद सुमेध को मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर फैलते ही बेलतरोड़ी क्षेत्र में तनाव बढ़ गया। देर रात तक बेलतरोड़ी पुलिस स्टेशन और घटनास्थल के आसपास लोगों की भीड़ जमा रही। पुलिस ने एहतियात के तौर पर अतिरिक्त बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी।
वरिष्ठ अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
घटना को गंभीरता से लेते हुए अजनी के एसीपी नरेंद्र हिंवरे, अपराध शाखा के एसीपी वैभव जाधव, पुलिस उपायुक्त रश्मिता राव, अपराध शाखा के उपायुक्त दीपक अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त वसंत परदेशी और सह-पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी पुलिस बल के साथ बेलतरोड़ी थाने पहुंचे।
पुलिस ने मारपीट में शामिल बताए जा रहे तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। फरार दीपक पाटिल की तलाश की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है कि घर में घुसे युवक वास्तव में कौन थे और भीड़ ने किन परिस्थितियों में दोनों को पकड़कर मारपीट की। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।




