
नागपुर – शहर में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ नागपुर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में नंदनवन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए MD (मेफेड्रोन) पाउडर के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 32.33 ग्राम MD पाउडर सहित कुल 2 लाख 89 हजार 170 रुपये का माल जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 28 नवंबर 2026 की रात करीब 1:10 बजे से सुबह 4 बजे के बीच नंदनवन पुलिस की जांच टीम थाना क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गोपनीय सूचना मिली कि हसनबाग इलाके में कुछ लोग MD ड्रग्स लेकर घूम रहे हैं।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने एलआईजी क्वार्टर, बिल्डिंग नंबर 12 के सामने, हसनबाग से नीलम पानठेले के बीच सड़क पर जाल बिछाया। इसी दौरान पुलिस ने बजाज पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक MH-49-CY-7766 पर सवार दो संदिग्धों को रोककर उनकी तलाशी ली।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान राकेश रमेश वानखेडे (34), निवासी नंदनवन झोपड़पट्टी, गली नंबर 6 और हर्षल अरुण खडतकर (35), निवासी एलआईजी क्वार्टर, नंदनवन, नागपुर के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से दो जिपलॉक पन्नियों में कुल 32.33 ग्राम MD पाउडर बरामद हुआ। इसके अलावा पुलिस ने 850 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक वजन कांटा और बजाज पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की। जब्त किए गए पूरे माल की कीमत 2,89,170 रुपये बताई गई है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी कथित तौर पर आर्थिक लाभ के लिए MD पाउडर बिक्री के उद्देश्य से अपने पास रखे हुए थे। इस मामले में नंदनवन पुलिस थाने में NDPS एक्ट की धारा 8(क), 22(ब) और 29 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटील, सह पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी, अपर पुलिस आयुक्त (दक्षिण प्रभाग) वसंत परदेशी, पुलिस उपायुक्त (परिमंडल क्रमांक 4) रश्मिता राव तथा सहायक पुलिस आयुक्त (सक्करदरा विभाग) नरेंद्र हिवरे के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक कैलास देशमाने, पुलिस उपनिरीक्षक प्रदीप काईट, पुलिस हवलदार अश्विन सहारे तथा पुलिस कर्मचारी रोहन चौधरी, संजय मुकादम, मनोज ढोले और कार्तिक लालसरे ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



