
नागपुर: शादी के सपने संजो रहे मर्चेंट नेवी के 43 वर्षीय अधिकारी की होटल के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना सोनेगांव पुलिस थाना क्षेत्र के वर्धा रोड स्थित होटल ऑक्सा इन की है। मृतक की पहचान हुडकेश्वर के महालक्ष्मीनगर निवासी सुहास माधव भोयर के रूप में हुई है। हैरानी की बात यह है कि महज छह दिन पहले ही उनकी सगाई हुई थी। पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
होटल में दोस्तों के साथ बिताया था समय
जानकारी के अनुसार, सुहास भोयर 4 नवंबर को छुट्टी पर नागपुर आए थे। 15 नवंबर को उनकी सगाई हुई थी। इसके बाद 19 नवंबर को उन्होंने वर्धा रोड स्थित होटल ऑक्सा इन में कमरा नंबर 205 बुक किया था।
होटल के कमरे में उन्होंने अपने दो मित्रों प्रशांत चुटे और भूपेश टिचकुले के साथ कुछ समय बिताया। इसके बाद तड़के करीब 3 बजे दोनों मित्र अपने घर लौट गए।
संपर्क टूटने पर होटल पहुंचे परिजन
अगली सुबह सुहास ने अपने एक मित्र को फोन किया था, लेकिन इसके बाद उनका मोबाइल बंद आने लगा। लगातार संपर्क नहीं होने से मित्रों और परिजनों की चिंता बढ़ गई। आखिरकार 21 नवंबर को मित्र और परिजन होटल पहुंचे।
होटल प्रबंधन की मदद से कमरे का दरवाजा खोलने का प्रयास किया गया। अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर दरवाजा खुलवाया गया तो सुहास का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला।
आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं
घटना की सूचना मिलते ही सोनेगांव पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए AIIMS अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सगाई के बाद नई जिंदगी शुरू करने की तैयारी कर रहे सुहास ने यह कदम क्यों उठाया, इसका फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।



