Published On : Tue, Nov 24th, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

काटोल में SDM के सरकारी वाहन का कहर, ई-रिक्शा और कार को मारी टक्कर

गलत दिशा में तेज रफ्तार से दौड़ रहा था सरकारी वाहन; ई-रिक्शा चालक गंभीर घायल, दो अन्य जख्मी; चालक हिरासत में
Advertisement

Auto Draft

नागपुर: कानून का पालन कराने वाले प्रशासनिक अधिकारी के सरकारी वाहन से ही यातायात नियमों की अनदेखी का मामला सामने आया है। नागपुर जिले के काटोल में उपविभागीय न्याय दंडाधिकारी (SDM) के सरकारी वाहन ने कथित तौर पर गलत दिशा में तेज रफ्तार से दौड़ते हुए पहले ई-रिक्शा और फिर एक कार को टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि कार में सवार दो लोगों को भी चोटें आई हैं।

जानकारी के अनुसार, सोमवार (23 नवंबर) को काटोल के उपविभागीय न्याय दंडाधिकारी पियुष चिवंडे के सरकारी वाहन का ईंधन खत्म हो गया था। इसके बाद उन्होंने वाहन में पेट्रोल भरवाने के लिए चालक को भेजा। नियमित चालक छुट्टी पर होने के कारण कार्यालय के एक अन्य कर्मचारी को वाहन चलाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

बताया जाता है कि पेट्रोल भरवाने जा रहे चालक ने कथित तौर पर सरकारी वाहन को गलत दिशा में तेज रफ्तार से दौड़ाया। इसी दौरान वाहन ने सामने से आ रहे ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा चालक अशोक कोल्हे के पैर में गंभीर चोट आई।

ई-रिक्शा से टकराने के बाद सरकारी वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और वाहन सामने से आ रही कार से जा भिड़ा। कार में सवार एडवोकेट सागर निघोट और दिलीप पागे भी घायल हो गए।

Advertisement

SDM वाहन में नहीं थे मौजूद

हादसे के वक्त उपविभागीय न्याय दंडाधिकारी पियुष चिवंडे सरकारी वाहन में मौजूद नहीं थे, बल्कि अपने कार्यालय में थे। घटना के बाद पुलिस ने वाहन चालक को हिरासत में ले लिया है। चालक ने शराब पी रखी थी या नहीं, इसकी पुष्टि के लिए उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारी सागर खर्डे के मुताबिक, सोमवार शाम तक मामले में अपराध दर्ज करने की प्रक्रिया जारी थी।

सरकारी वाहन पर काली फिल्म को लेकर भी सवाल

हादसे के बाद सरकारी वाहन की खिड़कियों पर लगी काली फिल्म को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। आम नागरिकों के वाहनों पर काली फिल्म लगाने पर प्रतिबंध है, ऐसे में सरकारी वाहन पर ऐसी फिल्म किस आधार पर लगाई गई थी, इस पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

घायल दिलीप पागे ने भी नाराजगी जताते हुए कहा कि जब कानून का पालन कराने वाले अधिकारियों के सरकारी वाहन से ही नियमों की अनदेखी होगी, तो आम नागरिकों को न्याय की उम्मीद किससे करनी चाहिए?

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.