
नागपुर: शहर में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच यूनिट-4 ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उमरेड रोड से एक कथित एमडी पाउडर तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 7 ग्राम से अधिक एमडी (मेफेड्रोन) पाउडर, नकदी, मोबाइल फोन और दोपहिया वाहन सहित करीब 1.42 लाख रुपये का माल जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, क्राइम ब्रांच यूनिट-4 की टीम हुडकेश्वर थाना क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि उमरेड रोड स्थित त्रिमूर्ति बार के पास एक युवक एमडी पाउडर बेचने के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसकी पहचान शेख ताज शेख रहमान कुरैशी के रूप में हुई, जो पेशे से कसाई है।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से प्लास्टिक की पुड़िया में 7 ग्राम से ज्यादा एमडी पाउडर बरामद किया। इसके अलावा नकदी, मोबाइल फोन और दोपहिया वाहन भी जब्त किए गए। जब्त किए गए माल की कुल कीमत करीब 1 लाख 42 हजार रुपये आंकी गई है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह इस्माइल नामक व्यक्ति से एमडी पाउडर खरीदकर आगे बेचता था। पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले स्वयं नशे का आदी हुआ और बाद में मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल हो गया।
क्राइम ब्रांच ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे जब्त माल सहित आगे की जांच के लिए हुडकेश्वर पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस अब फरार आरोपी और कथित सप्लायर इस्माइल की तलाश में जुटी है।




