
नागपुर: नागपुर के कळमना थाना क्षेत्र में 37 वर्षीय महिला ने एक व्यक्ति पर शादी का झांसा देकर उसके साथ बार-बार शारीरिक संबंध बनाने, बाद में शादी से इनकार करने और निजी वीडियो एवं फोटो वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। शिकायत मिलते ही कळमना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, महिला की आरोपी से साल 2009 से पहचान थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। महिला का आरोप है कि आरोपी चंद्रशेखर रमेश किरपाने ने शादी का वादा कर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
महिला ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी ने संबंधों के दौरान बनाए गए निजी वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी दी और बाद में शादी करने से इनकार कर दिया।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर कळमना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है.




