नागपुर: नागपुर के सीताबर्डी थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। साइबर ठग ने खुद को बैंक का रिलेशनशिप मैनेजर बताकर 67 वर्षीय डॉक्टर को KYC अपडेट के नाम पर अपने जाल में फंसा लिया। आरोपी ने डॉक्टर से मोबाइल में एक APK फाइल डाउनलोड करवाई और इसके बाद उनके बैंक खाते से 7.50 लाख रुपये निकाल लिए।
मामला सीताबर्डी थाना क्षेत्र का है। 67 वर्षीय डॉक्टर रामदासपेठ स्थित अपनी पैथोलॉजी में मौजूद थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को बैंक का रिलेशनशिप मैनेजर बताते हुए कहा कि बैंक खाते की KYC प्रक्रिया पूरी करना जरूरी है।
आरोपी ने बातचीत के दौरान डॉक्टर को विश्वास में लिया और उन्हें मोबाइल पर एक APK फाइल डाउनलोड करने के लिए कहा। डॉक्टर ने आरोपी के बताए अनुसार फाइल डाउनलोड कर ली। इसके बाद उनके बैंक खाते से ऑनलाइन लेनदेन शुरू हो गए।
कुछ ही समय में अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए डॉक्टर के खाते से कुल 7 लाख 50 हजार रुपये निकाल लिए गए। खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलने पर डॉक्टर ने तुरंत सीताबर्डी पुलिस से शिकायत की।
शिकायत के आधार पर सीताबर्डी पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब फोन कॉल, बैंक ट्रांजैक्शन और APK फाइल से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि बैंक KYC अपडेट के नाम पर आने वाले अनजान फोन कॉल या मैसेज पर भरोसा न करें और किसी भी अनजान APK फाइल को मोबाइल में डाउनलोड न करें।





