नागपुर: नागपुर के गणेशपेठ थाना क्षेत्र में ऑटो रिक्शा में सफर करने वाली महिलाओं के गहने चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने ऑटो चालक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो महिलाएं शामिल हैं। पुलिस को आशंका है कि गिरोह में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं।
पहली घटना 4 अगस्त को सामने आई। सावंगी मोहपा निवासी 65 वर्षीय पुष्पा लक्ष्मीकांत बागड़े नागपुर बस स्टैंड से वसंतनगर जाने के लिए ऑटो में सवार हुई थीं। ऑटो में पहले से दो महिलाएं मौजूद थीं। सफर के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर उनका बैग काटकर करीब 45 हजार रुपये कीमत का सोने का मंगलसूत्र चोरी कर लिया।
दूसरी घटना में 68 वर्षीय जयश्री देवीदास बंबाड अपने पति के साथ नरखेड़ से नागपुर आई थीं। बस स्टैंड से ऑटो में बैठते समय उनके गले की सोने की मणि की चेन टूट गई थी, जिसे उन्होंने सुरक्षित अपने पर्स में रख लिया था। गणेशपेठ बस स्टॉप पर उतरने के बाद पर्स की जांच करने पर करीब 40 हजार रुपये कीमत की सोने की मणि गायब मिली।
दोनों मामलों की जांच के दौरान गणेशपेठ पुलिस ने ऑटो चालक मोहम्मद इकरान बख्तियार अहमद, रीना बंटी पात्रे और कीर्ति गोविंद खड़से को गिरफ्तार किया।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही घटनास्थल और संबंधित मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस को आशंका है कि यह एक संगठित गिरोह हो सकता है, जो ऑटो में सफर करने वाली महिलाओं को निशाना बनाकर उनके आभूषण और कीमती सामान चोरी करता था।
पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश के साथ ही दोनों वारदातों से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।





