नागपुर: नागपुर क्राइम ब्रांच की वाहन चोरी विरोधी टीम ने प्रतापनगर थाना क्षेत्र से चोरी हुई एक स्पोर्ट्स KTM बाइक बरामद करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का साथी पहले से ही पॉक्सो (POCSO) के एक मामले में जेल में बंद है। गिरफ्तार आरोपी पर चोरी और दुष्कर्म सहित कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, दीनदयाल नगर निवासी साबिर शाकिर की KTM बाइक 21 मई की रात उनके घर के कंपाउंड से चोरी हो गई थी। शिकायत दर्ज होने के बाद प्रतापनगर पुलिस और क्राइम ब्रांच की वाहन चोरी विरोधी टीम ने संयुक्त जांच शुरू की।
सीसीटीवी और मुखबिर की सूचना से मिला सुराग
जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के सीसीटीवी फुटेज मिले, जिनके आधार पर उनकी तलाश की जा रही थी। इसी बीच गश्त के दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने चोरी की KTM बाइक पर घूम रहे ओम उर्फ रवि नरेंद्र येडे को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी सुमित कालीमाती के साथ मिलकर बाइक चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस के अनुसार, सुमित फिलहाल अजनी थाना क्षेत्र में दर्ज एक POCSO मामले में जेल में बंद है।
आरोपी पर पहले से कई गंभीर मामले
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से चोरी और दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं। बरामद KTM बाइक और आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए प्रतापनगर पुलिस के हवाले कर दिया गया है। मामले की आगे जांच जारी है।





